यूपी विधानसभा में गूंजी बदलापुर की आवाज–
बदलापुर की बेटी आलिया ने ‘विकसित भारत’ पर रखा जौनपुर का पक्ष—
बदलापुर जौनपुर: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र की बेटी आलिया ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विधानसभा में जौनपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए आलिया ने ‘यूनियन बजट 2026: विकसित भारत की ओर युवाओं का सशक्तिकरण’ विषय पर ओजस्वी विचार व्यक्त किए। सदन के पटल पर अपनी बात रखते हुए आलिया ने कहा, “केंद्रीय बजट 2026 विकास का समावेशी बजट है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति हमारी ‘युवा शक्ति’ है। इस बजट का संकल्प है कि हर हाथ को काम मिले और हर आवाज को सम्मान मिले।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज का भारत ‘स्लम’ वाला नहीं, बल्कि विश्व का ‘स्टार्टअप लीडर’ है।युवा हैं ‘डेवलपर इन चीफ’:आलिया ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि आज का युवा ‘फ्यूचर रेडी’ है। एआई (AI) से लेकर इसरो (ISRO) तक, और डीआरडीओ (DRDO) से ग्रीन एनर्जी व बैलिस्टिक मिसाइल तक, युवाओं की धमक हर क्षेत्र में है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “विकास केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि अंत्योदय (अंतिम व्यक्ति के उदय) में दिखना चाहिए। युवा केवल एक ‘डेमोग्राफिक डिविडेंड’ नहीं हैं, बल्कि वे कल के विकसित भारत के ‘डेवलपर इन चीफ’ हैं।”पीएम और ‘माय भारत’ पोर्टल का आभार जताते हुए ऐतिहासिक सदन की कुर्सियों पर बैठकर अपनी बात रखने को आलिया ने अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। वर्तमान में सेंट्रल ला कालेज लखनऊ से एलएलबी की पढ़ाई कर रहीं आलिया ‘माय भारत’ पोर्टल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने युवाओं को देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देने के लिए इतना बड़ा मंच प्रदान किया।
