बेलाही अग्निकांड: सैकड़ों बीघा फसल जलकर राख, किसानों में आक्रोश

बेलाही अग्निकांड: सैकड़ों बीघा फसल जलकर राख, किसानों में आक्रोश

अशोक कुमार वर्मा

लम्भुआ, सुलतानपुर।

कोतवाली क्षेत्र के बेलाही गांव में शनिवार को भीषण आग लगने से खेतों में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 50 बीघा से अधिक फसल उसकी चपेट में आ गई, जिससे लगभग 50 से ज्यादा किसान प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसान अपनी फसल बचाने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

ग्रामीणों के अनुसार आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग की जा रही थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब समय पर फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी क्योंकि लम्भुआ विधानसभा में अग्निशमन की व्यवस्था नहीं है दूर दराज से (जनपद) बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले करीब छह वर्षों से अग्निशमन केंद्र का निर्माण अधूरा पड़ा है, जिससे राहत कार्य में भारी देरी हुई और नुकसान कई गुना बढ़ गया। मौके पर राजस्व विभाग की टीम समय से पहुंची और 112 वा कोतवाली के पुलिसकर्मी प्रारंभिक समय में दिखाई दिए,

ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और एकजुटता से किसी तरह आग पर काबू पाया। प्रभावित किसानों में अच्छेलाल मिश्रा, राधेश्याम मिश्रा, राम मिलन मिश्रा, हरकेश मिश्रा, विद्या प्रसाद मिश्रा, बांकेलाल मिश्रा, रामलाल मिश्रा और ओम प्रकाश शुक्ला सहित कई अन्य किसान शामिल हैं।

घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंच जाती और अग्निशमन केंद्र चालू होता, तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा सभी प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *