*प्रतापगढ़ पट्टी सेठ पन्ना लाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निजी जांच एजेंटो की सक्रियता जांच के लिए 2000 की मांग*
*पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम का बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ :- पट्टी तहसील क्षेत्र के सेठ पन्ना लाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिचौलियों का खेल खुलकर सामने आ गया है। सरकारी अस्पताल में ही निजी जांच केंद्रों के एजेंटों की सक्रियता से मरीजों का शोषण हो रहा है। ग्राम उपाध्यायपुर निवासी अजीत कुमार मिश्रा अपने पिता दया शंकर मिश्रा को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर डॉ. अखिलेश जायसवाल ने अपने केबिन में ही बाहरी लोगों को बुलाकर खून का सैंपल दिलवाया और जांच के लिए बाहर भेज दिया। पीड़ित के अनुसार, बाहर पहुंचने पर साहू पैथोलॉजी सेंटर के एजेंट ने ₹2000 की मांग की, जो कि सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामला तब और गर्म हो गया जब पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। बताया जा रहा है कि मौके पर ही एजेंट को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से निजी पैथोलॉजी और मेडिकल स्टोर के एजेंट सक्रिय हैं, जो डॉक्टरों से मिलीभगत कर मरीजों को बाहर की जांच और दवाएं लेने के लिए मजबूर करते हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से तीन बार बात करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनका फोन नहीं उठा। और ना ही वापस आया। जिस विभाग के मुखिया ही जिम्मेदारी से विमुख हों वह विभाग राम भरोसे ही चलेगा।
