*नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, बालिका सकुशल बरामद*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर/सिगरामऊ -जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जौनपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना सिंगरामऊ पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को वादी रामआसरे गौतम निवासी ग्राम बघाडीकला, थाना सिंगरामऊ की लिखित तहरीर पर उनकी पुत्री (काल्पनिक नाम महक) को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 38/26, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक से. हुसैन मुन्तजर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। तलाश के दौरान नाबालिग बालिका को रजनीपुर हाईवे अंडरपास के पास से रविवार सुबह करीब 9:30 बजे सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रिवांशू उर्फ प्रियांशु गौतम पुत्र राजेश निवासी ग्राम भलुवाही, थाना बदलापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अब्दुल वहाब, कांस्टेबल गंगेश यादव, कांस्टेबल मोहम्मद रियाज एवं महिला कांस्टेबल चांदनी (थाना सिंगरामऊ) शामिल रहे।
पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
