*कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई बोर्ड परीक्षा*
*पहले दिन 7165 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर: –
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। जिले के कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन हाईस्कूल के हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी तथा इंटरमीडिएट के हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान दोनों पालियों में कुल 7165 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का लगभग पांच प्रतिशत है। जिले को छह जोन और 22 सेक्टर में विभाजित कर निगरानी की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की ओर से प्रत्येक केंद्र पर सतर्क दृष्टि रखी गई।
परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा के बाद यातायात बाधित न हो, इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षक, उपनिरीक्षक, हल्का दरोगा एवं पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जगह-जगह सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। खुफिया विभाग भी अलर्ट मोड में रहा और वायरलेस सेट के माध्यम से लगातार सूचना आदान-प्रदान होता रहा। पुलिस की चार्ली टीम और डायल 112 भी पूरे दिन सक्रिय रही।
पहली पाली में 95.19 प्रतिशत उपस्थिति
पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा में 76,848 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 73,154 उपस्थित रहे, जबकि 3,694 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति प्रतिशत 95.19 और अनुपस्थिति 4.81 दर्ज की गई।
दूसरी पाली में भी 95 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी विषय में 33,745 परीक्षार्थियों में से 32,184 उपस्थित और 1,561 अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा में उपस्थिति 95.37 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं सामान्य हिंदी विषय में 41,244 पंजीकृत छात्रों में से 39,334 उपस्थित और 1,910 अनुपस्थित रहे। इस विषय में भी उपस्थिति लगभग 95.37 प्रतिशत रही।
ई-डिस्ट्रिक्ट सेल से ऑनलाइन निगरानी
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही सघन जांच के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। नकल रोकने के लिए उड़नदस्तों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। कलक्ट्रेट परिसर स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल से केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की गई, जिसका निरीक्षण जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने स्वयं किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी परीक्षाएं भी पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएं। अधिकारियों के अनुसार दोनों पालियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
