*एमआर रूबेला टीकाकरण अभियान:*
*प्राथमिक विद्यालयों में सघन अभियान, एक सप्ताह तक चलेगा विशेष कार्यक्रम*
**********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे के नेतृत्व में एमआर (खसरा-रूबेला) टीकाकरण का सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को एमआर रूबेला का टीका लगाया जा रहा है।
सुपरवाइजर मयंक चौरसिया की देखरेख में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्राथमिक विद्यालय अनुसार में एएनएम मीरा यादव ने बच्चों का टीकाकरण किया। अभियान एक सप्ताह तक निरंतर चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत स्कूलों में पहुंचकर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
एएनएम मीरा यादव ने बताया कि रूबेला (जर्मन खसरा) का टीका अत्यंत प्रभावी है और यह बच्चों को गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। यह टीका प्रायः एमएमआर (खसरा, गलसुआ, रूबेला) अथवा एमआर (खसरा-रूबेला) के रूप में दो खुराक में दिया जाता है। उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण जन्मजात रूबेला सिंड्रोम की रोकथाम में विशेष रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान दोपहर 1 बजे तक 50 बच्चों को टीका लगाया जा चुका था। इस कार्य में आशा कार्यकर्ता इंद्रावती का भी सक्रिय सहयोग रहा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करें, ताकि सभी बच्चों को इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि अगला टीकाकरण अभियान कल जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रहेगा।
