ईंट से कुचलकर युवक की हत्या

*ईंट से कुचलकर युवक की हत्या*

 

*पैसों के विवाद में मामा के लड़के पर आरोप; आरोपी गिरफ्तार*

***********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आशापुर फेरूपुर में सोमवार को खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू की।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की हत्या सिर पर ईंट से वार कर की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतक की पहचान सिकरारा थाना क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव निवासी बृजेश यादव पुत्र लालचंद्र यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बृजेश एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। थाने पर पहुंचे संजीव यादव ने बताया कि बृजेश रविवार को उनकी बाइक लेकर भदोही जनपद के तुलसीचक स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए निकला था।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि बृजेश यादव का अपने सगे मामा के लड़के रोहित यादव पुत्र स्व. दशरथ यादव निवासी तुलसीचक, जनपद भदोही के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रोहित ने मोबाइल फोन के माध्यम से बृजेश को मिलने के लिए बुलाया। दोनों की मुलाकात रामपुर क्षेत्र में हुई, जहां उन्होंने शराब खरीदी और साथ बैठकर पी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो गाली-गलौज में बदल गई।

 

आरोप है कि नशे की हालत में रोहित यादव ने ईंट उठाकर बृजेश के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

 

मड़ियाहूं क्षेत्राधिकारी (सीओ) परमानंद कुशवाहा ने बताया कि आशापुर में खेत में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। युवक का चेहरा ईंट से कुचला गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के उपरांत आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

वादी लालचंद्र यादव की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 25/26 पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *