जौनपुर: पंचायत भवन के ड्रम में मिला बच्चे का शव, गांव में मचा हड़कंप

*जौनपुर: पंचायत भवन के ड्रम में मिला बच्चे का शव, गांव में मचा हड़कंप*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगेरी गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पंचायत भवन के अंदर रखे एक ड्रम से एक बच्चे का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी बृजेश यादव के पुत्र ओम यादव के रूप में हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम यादव शुक्रवार दोपहर अपने घर के पास खिलौनों से खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक बच्चे के वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में व्यापक खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

 

बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल खोज अभियान शुरू कराया। परिजनों द्वारा बताए गए संभावित स्थानों के साथ पंचायत भवन की भी तलाशी ली गई। इसी दौरान पंचायत भवन में रखे एक ड्रम को खोलने पर उसमें ओम यादव का शव मिला।

 

पुलिस ने बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि बच्चा पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल से झांकते समय ड्रम में गिर गया होगा, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

 

परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने पंचायत भवन को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

इस घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!