*फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव*
प्रेम शर्मा
शाहगंज: सरपतहां थाना क्षेत्र के अशोकपुर खुर्द गांव में सोमवार की सुबह एक विवाहिता का शव उसके कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी सपना पुत्री सुभाष का विवाह अशोकपुर खुर्द निवासी दीपक से नौ महीने पहले हुआ था। दीपक रोजी रोटी के सिलसिले में दिल्ली रहता है। घर पर उसकी नेत्रहीन मां के अलावा दो छोटी बहनें रहती हैं।
पिता की मौत हो चुकी है। दीपक इस समय में दिल्ली था। बताया जाता है कि रविवार रात नौ बजे आई आंधी में सपना ने घर के सामने पेड़ से गिरे आमों को बीनने के बाद अपना मोबाइल चार्जिंग में लगाकर कमरे में सोने चली गई। दोनों ननद और सास घर के दालान में सोईं थीं। सुबह उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया तो उसकी ननद ने उठाया और सपना को जगाने उसके कमरे में गई। अंदर जाते ही वह सन्न रह गई। देखा कि सपना का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला। थानाध्यक्ष सरपतहां अमित सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह बताई जा सकती है।