*भाई के साथ सेवईं नाला में नहाने गई छोटी बहन की डूबने से मौत*
प्रेम शर्मा
शाहगंज: खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत डिहियां गांव में शुक्रवार को भाई के साथ सेवईं नाला में नहाने गई छोटी बहन की पानी में डूबने से मौत हो गई। नाले में तेज बहाव से उसका शव घाट से लगभग पांच सौ मीटर दूर मछुआरों की जाल में फंसा मिला।थानाध्यक्ष मुन्ना राम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट्म के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार गांव निवासी मुखड़ू बिंद की 10 वर्षीय बेटी नंदनी अपने 12 वर्षीय बड़े भाई प्रियांशु के साथ सुबह नहाने गई थी। साथ में गांव के और बच्चे भी गए थे। सभी लोग घाट से पानी में कूद रहे थे। नहाने के बाद सभी बच्चे कपड़े बदलने लगे तो प्रियांशु अपनी बहन को न देख शोर मचाने लगा। मौके पर ग्रामीण जुट गए और पानी में बच्ची की तलाश होने लगी लेकिन उसका पता नहीं चला। घटनास्थल से लगभग पांच सौ मीटर आगे उदयीपुरदीपी गांव में मछुआरों ने नहर के दोनों किनारों के बीच मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया था। बच्ची का शव बहते हुए जाल में फंसा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी मुन्ना राम ने बताया कि नहाने के दौरान पानी में डूबने से बच्ची की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।