*महमूदपुर में धूमधाम से मनाया गया दहीहांडी उत्सव, गोविंदा की टोली ने दिखाया उत्साह*
*ग्राम प्रधान संजय सिंह ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। ग्राम पंचायत महमूदपुर में दहीहांडी उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान संजय सिंह ने फीता काटकर किया। उत्सव में आसपास के गांवों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दहीहांडी कार्यक्रम का आनंद लिया।

दहीहांडी उत्सव के दौरान नवयुवकों की टोलियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऊंचाई पर बांधी गई दहीहांडी को फोड़ने के लिए युवाओं ने एक-दूसरे के सहयोग से मानव पिरामिड बनाने का प्रयास किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. अजीत यादव, आशीष यादव, अनिल एवं शशिकांत सहित ग्रामीणों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति एवं ग्राम प्रधान की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित करने के साथ यथोचित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

दहीहांडी उत्सव भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और माखन चोरी की परंपरा से जुड़ा पर्व माना जाता है। इस आयोजन में सामूहिक सहभागिता, भाईचारे और उत्साह की झलक देखने को मिलती है। महमूदपुर में आयोजित कार्यक्रम में भी युवाओं का जोश और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

आसपास के गांवों से पहुंचे युवाओं ने प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। क्षेत्र में महमूदपुर का यह दहीहांडी उत्सव चर्चा का विषय बना रहा और देर तक लोगों की भीड़ कार्यक्रम स्थल पर जुटी रही।
