*लापता युवक का शव खेत में मिला*

*लापता युवक का शव खेत में मिला
प्रेम शर्मा


जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तीन दिन से लापता मुजुक्कीपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा का शव घर से लगभग पाँच सौ मीटर दूर संदिग्ध हालत में बाजरे के खेत के पास मिला। शरीर पर चोट के निशान नहीं थे लेकिन हाथ पर जलने के निशान थे।
आशंका जताई जा रही है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। गांव निवासी 30 वर्षीय दीपक विश्वकर्मा पुत्र सुरेंद्र बीते 30 अगस्त को घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार की दोपहर गांव की एक महिला खेत में चारा काटने गई। जहां उसका शव पड़ा देखा तो शोर मचाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजन भड़क गए। आरोप लगाए कि उसका अपहरण कर हत्या की गई है। मौके पर डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की गई। परिजन डाग स्क्वायड आने के बाद ही शव उठाने की मांग पर घंटो तक अड़े रहे। थानाध्यक्ष विक्रम लक्षण सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लिया। मृतक के पिता सुरेन्द्र, माता सुमन विश्वकर्मा, पत्नी सोनी समेत अन्य परिजनों के रोने-बिलखने से गांव का माहौल गमगीन हो गया। घटना में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!