*प्रतापगढ़ में पीएचसी और विद्यालय पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत*

*प्रतापगढ़ में पीएचसी और विद्यालय पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत*

*गैरहाजिरी पर जताई नाराजगी, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़, 29 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखपालनगर और प्राथमिक विद्यालय पूरे रायजू का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रहे उपचार, विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की मौके पर पहुंचकर हकीकत परखी। इस दौरान मरीजों एवं छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पीएचसी में महिला चिकित्साधिकारी के अनुपस्थित मिलने तथा विद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

*मरीजों से ली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी*

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखपालनगर पहुंचकर जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं तो नहीं लिखी जा रही हैं। मरीजों ने बताया कि उन्हें बाहर की दवाएं नहीं लिखी जा रही हैं। इसके बाद डीएम ने पर्चा काउंटर का निरीक्षण कर अब तक काटी गई पर्चियों और पर्चा काटने की समय-सीमा की जानकारी ली। कर्मचारी ने बताया कि अब तक 100 से अधिक मरीजों की पर्चियां काटी जा चुकी हैं तथा अपराह्न दो बजे तक पर्चियां काटी जाती हैं।

अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी जिलाधिकारी ने उपचार की स्थिति जानी। मरीजों ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा समय से उपचार किया जा रहा है। प्रसव यूनिट के निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली धनराशि के संबंध में पूछताछ करने पर बताया गया कि 10 से 15 दिन के भीतर धनराशि लाभार्थियों के खाते में भेज दी जाती है।

*महिला चिकित्साधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर नाराज हुए डीएम*

निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्साधिकारी डॉ. शिवानी सिंह अनुपस्थित पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में सभी चिकित्सकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विद्यालय में भी जांची पढ़ाई और उपस्थिति पीएचसी के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय पूरे रायजू पहुंचे। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति देखी और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शिक्षण कार्य तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। विद्यालय में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालय में बेहतर एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।

*आंगनबाड़ी केन्द्र का भी किया निरीक्षण*

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय पूरे रायजू परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का भी जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से केन्द्र की व्यवस्थाओं और संबंधित गतिविधियों के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। डीएम के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग में हड़कंप रहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी संस्थानों में लापरवाही और गैरहाजिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन और बच्चों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!