जौनपुर में पुलिस-गौ तस्कर मुठभेड़, एक घायल गिरफ्तार, दो फरार

*जौनपुर में पुलिस-गौ तस्कर मुठभेड़, एक घायल गिरफ्तार, दो फरार*

********************

*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर/ खुटहन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक तस्कर घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

 

घटना रविवार रात करीब 11:15 बजे रसूलपुर गांव स्थित रामआधार इंटर कॉलेज के पास जंगल क्षेत्र में हुई। पुलिस टीम खुटहन चौराहे पर सघन चेकिंग कर रही थी, तभी आरटी सेट और फोन के जरिए सूचना मिली कि कुछ गौ-तस्कर जंगल में सक्रिय हैं और छुट्टा गोवंशी पशुओं को पकड़कर वध के लिए ले जाने की फिराक में हैं।

 

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खुटहन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सेवई नाला के आगे कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा गोली चलाई। इस दौरान एक गोली थानाध्यक्ष के पास से गुजर गई।

 

आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी हसनैन उर्फ गज्जू (34) पुत्र हद्दीश, निवासी बीरी समसुद्दीनपुर (वर्तमान पता लेदरही, थाना खेतासराय) के पैर में गोली लग गई। उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

मुठभेड़ के दौरान अन्य दो आरोपी—इकबाल उर्फ गज्जू (निवासी लमहन, थाना महाराजगंज) और आशिक (निवासी बीरी समसुद्दीनपुर)—फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

 

पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, रस्सी और एक मोटरसाइकिल (UP 62 BU 7909) बरामद की है। मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!