जौनपुर में रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर हेड कांस्टेबल निलंबित

*जौनपुर में रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर हेड कांस्टेबल निलंबित*

प्रेम शर्मा

जौनपुर के बक्सा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल समलेश यादव का एक फरियादी से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ| मामले को तूल पकड़ता देख एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिसकर्मी पर कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने का आरोप लगाया गया है|

वीडियो में हेड कांस्टेबल समलेश यादव फरियादी से पैसे लेकर जेब में रखते साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए|

सीओ सदर परमानंद कुशवाहा की जांच रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर एसएसपी ने घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया।

पुलिसकर्मी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है| एसएसपी की कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है|

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी| वायरल वीडियो के आधार पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों को भी अपने आचरण और कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट संदेश दिया गया है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!