*जौनपुर में स्कूल वैन और बस की भीषण टक्कर, कई बच्चे गंभीर*
*******************
*संवाद: माता चरण पांडे*
जौनपुर। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार को स्कूल वैन और बस के बीच भीषण सीधी टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल वैन सवार कई बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, DRM इंटरनेशनल की स्कूल वैन तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और वैन सामने से आ रही बस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी। हादसे में घायल बच्चों की सही संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
