*पानी से भरे गड्ढे में डूबा 16 वर्षीय किशोर, तलाश के बाद मिला शव*
*******************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर / बरसठी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में शनिवार देर शाम पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 16 वर्षीय किशोर गोविंदा गौतम की मौत हो गई। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब आठ बजे गड्ढे के किनारे गोविंदा के कपड़े मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने गड्ढे के पानी में उतरकर उसकी खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद गोविंदा का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गोविंदा ने इसी गड्ढे में कुछ लड़कों को नहाते हुए देखा था। आशंका जताई जा रही है कि शनिवार को वह भी नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे हिस्से में चला गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
गोविंदा कमलेश गौतम का बड़ा बेटा था। उसका छोटा भाई विक्रम उर्फ कल्लू है। परिजनों के अनुसार, गोविंदा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर गांव में घूमता रहता था।
मजदूरी कर परिवार चलाते हैं पिता
गोविंदा के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। उसके पिता कमलेश कुमार गांव में मजदूरी करते हैं। करीब एक महीने पहले वह रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद वह मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
