*तिरंगे के साथ कदमताल, देशभक्ति के नारों से गूंजा सिंगरामऊ*
————————–
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के बीच बुधवार को सिंगरामऊ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा सिंगरामऊ बाजार से होते हुए कुशहा मोड़ तक पहुंची। हाथों में तिरंगा थामे लोगों और विद्यार्थियों के देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा में इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण में देशभक्ति का जोश भर दिया।
यात्रा में कुंवर मृगेंद्र सिंह (शिव बाबा) के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। तिरंगे के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ते लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
तिरंगा यात्रा के चलते सिंगरामऊ का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहा। यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। थानाध्यक्ष अखिलेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
