प्रतापगढ़: पुलिस मुठभेड़ में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; चोरी के जेवरात व अवैध तमंचा बरामद
आसपुर देवसरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा
संवाददाता अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। जनपद के थाना आसपुर देवसरा पुलिस एवं एसओ जी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की एक घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास कर रहे एक आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आसपुर देवसरा राकेश कुमार चौरसिया तथा एसओजी टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान थाना आसपुर देवसरा पर दर्ज चोरी के मुकदमे (मु0अ0सं0 208/2026) से संबंधित अभियुक्त गोविंद सिंह पुत्र सुरेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम गोड़े, थाना कोतवाली नगर, प्रतापगढ़, मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के मुकदमे से संबंधित सोने-चांदी के जेवरात, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
