*एक पौधा–एक उम्मीद’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*
*************************
*संवाद:ओमप्रकाश मिश्रा*
महाराजगंज, जौनपुर। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से श्री वैष्णव भगवान देशराज श्री आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, उदयभानपुर-कोल्हुआ परिसर में गुरुवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मानवाधिकार सहायता संघ, जौनपुर के जिलाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद उपाध्याय ने पौधा रोपकर ‘एक पौधा–एक उम्मीद’ अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महेंद्र प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति के सबसे बड़े संरक्षक हैं, जो न केवल प्रदूषण को कम करते हैं बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने परिसर को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नियमित रूप से वृक्षारोपण एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संदेश दिया कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव संभव है।
