*प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: लगातार बारिश से 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत*
*रात दो बजे नींद में सो रहे परिवार पर टूटी छत, दो मासूमों समेत माता-पिता, बेटा और बहू की गई जान*
संवाददाता अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में बुधवार देर रात लगातार हो रही बारिश के बीच एक लगभग 100 साल पुराना मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि बुधवार रात गर्मी और उमस के कारण परिवार के सातों सदस्य एयर कंडीशनर (एसी) वाले कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक कमरे की छत भरभराकर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने या मदद के लिए आवाज लगाने तक का मौका नहीं मिला। पूरा परिवार कई
फीट ऊंचे मलबे में दब गया। परिवार का बड़ा बेटा अमन श्रीवास्तव (28) कमरे के किनारे सो रहा था। वह किसी तरह मलबे से बाहर निकलने में सफल रहा और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी को मलबे से बाहर
निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मलबे में दबने और दम घुटने से उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में मकान मालिक प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55), छोटा बेटा नितिन श्रीवास्तव (25), छोटी बहू माधुरी श्रीवास्तव (23) तथा उनके दो मासूम बेटे माधव (2 वर्ष) और अद्विक (10 माह) की मौत हो गई। घटना में घायल अमन श्रीवास्तव का जिला अस्पताल में
उपचार चल रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे महुली मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पुराना मकान कमजोर हो गया था, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है।
