फर्जी पत्रकार बनकर लोगों को धमकाने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, बदलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

*फर्जी पत्रकार बनकर लोगों को धमकाने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, बदलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई*
*******************
*संवाद: ओमप्रकाश मिश्रा*
बदलापुर। खुद को पत्रकार बताकर लोगों पर दबाव बनाने और धमकाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर पर बदलापुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पत्रकार होने का झूठा परिचय देकर आम लोगों को प्रभावित करता था और क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने का प्रयास करता था। जांच के दौरान उसके पास पत्रकार होने का कोई वैध प्रमाण नहीं मिला।

थाना बदलापुर पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम भटेहरा निवासी ओमप्रकाश पांडेय पुत्र शारदा प्रसाद पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 11A दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!