*प्रतापगढ़ : डीएम-एसपी ने बाबा भयहरणनाथ धाम का किया निरीक्षण, श्रावण माह व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा*

*प्रतापगढ़ : डीएम-एसपी ने बाबा भयहरणनाथ धाम का किया निरीक्षण, श्रावण माह व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा*

*सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, पेयजल व चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा,*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। आगामी पवित्र श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार को बाबा भयहरणनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा श्रद्धालुओं की अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर प्रबंधन समिति, स्थानीय सभ्रांत नागरिकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने निर्देशित किया कि श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, प्रभावी यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए वहीं, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके ।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बाबा भयहरणनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!