*लेदुका के वरिष्ठ समाजसेवी एवं मंदिरों के सेवक लालचंद दुबे का निधन*
*भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने जताई शोक संवेदना*
*******************
*संवाद:अजय पांडेय*
बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर तहसील अंतर्गत ग्राम सभा लेदुका निवासी वरिष्ठ समाजसेवी एवं धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति लालचंद दुबे का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए बदलापुर के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र उनके आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
बताया जाता है कि स्वर्गीय लालचंद दुबे क्षेत्र के अत्यंत लोकप्रिय एवं सामाजिक व्यक्ति थे। वे लंबे समय से प्राचीन परम ब्रह्म बाबा मंदिर तथा पवई बाबा मंदिर की देखरेख एवं नियमित पूजा-अर्चना का दायित्व निभाते थे। उनके निधन से धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राम अवतार सहित बाजार के अनेक व्यापारी, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और दिवंगत के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
दिवंगत के पुत्र अतुल दुबे ने शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे विधायक, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
