477 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, छह मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह

*477 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, छह मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह*

दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत फरीदीपुर स्थित केएनआईटी परिसर में आयोजित दो दिवसीय समारोह में रविवार को 477 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इनमें छह मुस्लिम जोड़ों का इस्लामी रीति-रिवाज से निकाह भी कराया गया। समारोह में विधायक कादीपुर राजेश गौतम ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजेश गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपराओं के अनुसार कराया गया। आयोजन ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।

विधायक राजेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इससे जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सुनिश्चित हो रहा है और उन पर आर्थिक बोझ भी कम पड़ रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक जोड़े का विवाह से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद ही उन्हें विवाह मंडप में प्रवेश दिया गया। समारोह स्थल पर पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थीं।

इस मौके पर भदैया ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह के अंत में जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!