*इलाज के बावजूद नहीं बच सकी अनाथ गौ माता, ग्रामीणों ने पूरे विधि-विधान से किया अंतिम संस्कार*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर/सिगरामऊ क्षेत्र में डंडारी ग्राम पंचायत के माधव पट्टी गांव में कई दिनों से बीमार एक लावारिस गाय ने दम तोड़ दिया। पशु चिकित्सक डॉ. देवलाल कनौजिया और ग्रामीणों ने उसे बचाने के लिए लगातार उपचार का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
गाय के निधन के बाद ग्रामीणों ने पूरे सम्मान और विधि-विधान से उसका अंतिम संस्कार किया। अंतिम यात्रा से पहले गाय के मुख में गंगाजल और तुलसी पत्र अर्पित किए गए। दर्जनों लोगों ने श्रद्धापूर्वक कफन चढ़ाया।

इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से उसे सम्मानपूर्वक दफनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गौवंश को दूध देने के बाद लावारिस छोड़ने की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे समाज के लिए गंभीर विषय बताते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ जागरूकता और कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले एक लावारिस गाय को किसी पशुपालक द्वारा छोड़ दिया गया था, जिसके बाद वह दलदल में गिरकर घायल हो गई थी।गाय के अंतिम संस्कार में मया शंकर मिश्रा, विजय शंकर मिश्रा, छोटे मिश्रा, हरिराम मिश्रा, डॉ. राजेंद्र सीप्रसाद मिश्रा (पान वाले), शिव शंकर विश्वकर्मा, विनय पंडित, गिरीश चंद्र मिश्रा (विधायक प्रतिनिधि), ग्राम प्रधान दिनेश मिश्रा, पूर्व प्रधान रामनारायण मिश्र, करिया विश्वकर्मा और मनीष विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक अंतिम विदाई दी।
