अज्ञात चोरों ने हनुमान मंदिर का ताला तोड़ दानपेटी से चुराये दान के पैसे

*अज्ञात चोरों ने हनुमान मंदिर का ताला तोड़ दानपेटी से चुराये दान के पैसे*

*नहर किनारे मिली खाली पेटी; ग्रामीणों में आक्रोश पुलिस जांच में जुटी*

********************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम नकहरा खानदेव (देउरा) स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के पश्चिमी दरवाजे की कुंडी तोड़कर दानपेटी उठा ले गए। रविवार सुबह ग्रामीण जब पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा देख हैरान रह गए। बाद में मंदिर से कुछ दूरी पर नहर किनारे टूटी हुई खाली दानपेटी बरामद हुई।

ग्रामीणों के अनुसार हनुमान मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। चोर दानपेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पंकज तिवारी ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

इसके बाद ग्रामीणों ने थाना सिंगरामऊ में लिखित तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और शीघ्र ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है। धर्मराज तिवारी, पंकज तिवारी एवं शुभम तिवारी सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!