*आकाशीय बिजली का कहर: युवक और वृद्ध की मौत, परिवारों में मचा कोहराम*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
मछलीशहर/नेवढ़िया। मंगलवार को हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग घटनाओं में 25 वर्षीय युवक और 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दीपापुर तरती गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक दुबे पुत्र अनिल दुबे मंगलवार को अपने पिता के साथ जगापुर गांव स्थित मामा राधेश्याम उपाध्याय के घर आए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अभिषेक, उनके पिता और मामा की 15 वर्षीय नातिन रीता उपाध्याय बाइक से घर लौट रहे थे।
मामा के घर से करीब 300 मीटर आगे नहर किनारे अहीरा बीर बाबा के पास पहुंचे ही थे कि तेज गर्जना और चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए तीनों बरगद के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में अभिषेक आ गए। आसपास मौजूद अन्य लोग भी जमीन पर गिर पड़े।
मृतक के पिता अनिल दुबे ने बताया कि कुछ देर बाद जब वे संभले तो देखा कि अन्य लोग उठकर भाग रहे थे, जबकि अभिषेक जमीन पर गिरकर तड़प रहे थे। खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति ने तत्काल वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से पिता अनिल दुबे का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर अभिषेक के मामा राधेश्याम उपाध्याय भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार में उनकी 15 वर्षीय बहन कशिश दुबे है। अभिषेक मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे।
बिजली गिरने की दहशत में वृद्ध की भी मौत
मछलीशहर क्षेत्र के रसूलपुर गांव में भी मंगलवार शाम आकाशीय बिजली की गर्जना एक वृद्ध के लिए जानलेवा साबित हुई। ग्राम प्रधान जयप्रकाश बिंद के अनुसार, 60 वर्षीय राम आसरे सरोज पुत्र मेवालाल शाम करीब चार बजे किसी काम से बगीचे की ओर गए थे। इसी दौरान तेज गर्जना और बिजली चमकने लगी तो वे एक पेड़ के पास खड़े हो गए। कुछ ही दूरी पर आकाशीय बिजली गिरने से वे घबराकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार हुसैन अहमद और संबंधित हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
