राष्ट्रीय राजमार्ग-731 की सर्विस रोड पर टूटा नाला बना जानलेवा, हादसे की आशंका से सहमे राहगीर
दधीच विश्वकर्मा
चांदा/कोइरीपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के कोइरीपुर शिवाला स्थित सर्विस रोड पर टूटा नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े इस नाले की मरम्मत न होने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

कोइरीपुर शिवाला से शाहपुर मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को टूटे नाले के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कई राहगीर और दोपहिया वाहन चालक संतुलन बिगड़ने से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। रात के समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतक न होने से खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक न तो नाले की मरम्मत कराई गई और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इससे लोगों में विभागीय उदासीनता को लेकर नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि टूटे नाले की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले इस गंभीर समस्या का समाधान हो सके।
