चलती ऑटो से गिरा नवविवाहित, घर पहुंचने से पहले ही टूटा जिंदगी का सफर

*चलती ऑटो से गिरा नवविवाहित, घर पहुंचने से पहले ही टूटा जिंदगी का सफर*

*ससुराल से पत्नी के साथ लौट रहा था युवक, बैंतीकला टोल प्लाजा के पास हुआ दर्दनाक हादसा; पुलिस ने शुरू की जांच*

दाधीच विश्वकर्मा

सुल्तानपुर/चांदा।

चांदा कोतवाली क्षेत्र के बैंतीकला टोल प्लाजा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चलती ऑटो से गिरकर एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, अरबाज (30 वर्ष) पुत्र अली मोहम्मद, निवासी डरवासी, जनपद भदोही, अपनी पत्नी बानों के साथ सुल्तानपुर के झालियवा स्थित ससुराल से ऑटो द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही ऑटो चांदा क्षेत्र के बैंतीकला टोल प्लाजा के पास पहुंचा, किसी कारणवश अरबाज चलती ऑटो से नीचे गिर पड़े। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि अरबाज का विवाह 13 फरवरी 2026 को हुआ था। शादी के बाद वह करीब दो माह तक पत्नी के साथ ससुराल में रह रहे थे। सोमवार को दोनों अपने घर लौट रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घर लौटने की खुशियां मातम में बदल गईं और नवविवाहिता की मांग कुछ ही पलों में उजड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही चांदा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ऑटो से कैसे गिरा।

अरबाज की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। यह हादसा एक बार फिर चलती गाड़ियों में सुरक्षा बरतने की जरूरत की याद दिलाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!