कोइरीपुर में राष्ट्रीय कुश्ती महादंगल का भव्य आयोजन, देश के कई राज्यों से नामी पहलवानों ने दिखाया दमखम

कोइरीपुर में राष्ट्रीय कुश्ती महादंगल का भव्य आयोजन, देश के कई राज्यों से नामी पहलवानों ने दिखाया दमखम

दधीच विश्वकर्मा

कोइरीपुर, सुल्तानपुर। नगर पंचायत कोइरीपुर में सोमवार को आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती महादंगल खेल प्रेमियों के लिए ऐतिहासिक और यादगार साबित हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कासिम राइन के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य महादंगल में हजारों की संख्या में दर्शकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सुबह से लेकर देर शाम तक चले रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अपनी सीटों से बांधे रखा और कुछ तो चेयर पर, तो कुछ खड़ी बाईक पर, खड़े होकर दंगल का आनंद लेते नजर आये। पूरे क्षेत्र में मेले जैसा उत्सवी माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवनीश सिंह उर्फ गुड्डू ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन भारतीय पारंपरिक खेलों को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं तथा क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं।

महादंगल में हरियाणा, पंजाब, पटियाला, सहारनपुर, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, गाजीपुर, लखनऊ, जौनपुर, राजस्थान, बिहार, भोपाल, सुल्तानपुर सहित पड़ोसी देश नेपाल से आए नामी पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच और अद्भुत ताकत का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कई मुकाबले इतने रोमांचक रहे कि उनका फैसला लंबे संघर्ष के बाद हुआ, जबकि कुछ मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए।

 

प्रतियोगिता में फकीर बाबा (कलियर शरीफ, सहारनपुर), रूबी थापा (नेपाल), भीम पहलवान (आगरा), बिल्ला पहलवान शेर-ए-पंजाब (पटियाला), शमशेर पहलवान (राजस्थान), उमा सिंह (जौनपुर), खुशी पाल (कानपुर), छोटा खली (वाराणसी), मनोहर पहलवान (गोरखपुर), अंगद पहलवान (सुल्तानपुर), ओकार पहलवान (हरियाणा) तथा चंद्राराम तिवारी (उन्नाव) सहित कई नामी पहलवानों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

 

महादंगल में कलियर शरीफ (सहारनपुर) के प्रसिद्ध पहलवान फकीर बाबा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उनके शानदार दांव-पेच, फुर्ती और बेहतरीन खेल भावना की दर्शकों ने जमकर सराहना की। उनके अखाड़े में उतरते ही दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

 

विजेता पहलवानों का सम्मान भी पूरे उत्साह के साथ किया गया। इंडियन गैस एजेंसी के संचालक राजेश मिश्रा ने विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं नगर पंचायत के मनोनीत सभासद लाल मणि अग्रहरि ने विजेता पहलवानों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा पुरस्कार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का जोरदार अभिनंदन किया।

 

आयोजन को सफल बनाने में नगर पंचायत के बड़े बाबू रामकृष्ण मिश्रा, सभी सभासदों, मनोनीत सदस्यों तथा आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, पहलवानों, सहयोगियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

 

स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को कोइरीपुर के खेल इतिहास का अब तक का सबसे भव्य कुश्ती महादंगल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल पारंपरिक खेलों को नई ऊर्जा देते हैं, बल्कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और कोइरीपुर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!