*श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। क्षेत्र के डंडारी गांव में मुख्य यजमान श्री वंश गोपाल उपाध्याय (दादा) के आवास पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

आयोजन के प्रथम दिन निकली कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगलगीत गाते हुए सहभागिता की। वहीं मुख्य यजमान श्री वंश गोपाल उपाध्याय अपने सिर पर श्रीमद्भागवत महापुराण की पावन पोथी धारण कर सबसे आगे चल रहे थे। कथा मर्मज्ञ परम पूज्य धर्मराज महाराज रथ पर आरूढ़ होकर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे थे।

शोभायात्रा यजमान के आवास से प्रारंभ होकर मां काली पीठ, स्वयंभू महादेव मंदिर (फिरोजपुर) सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए गांव की परिक्रमा कर कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “जय श्रीकृष्ण”, “धर्म की जय हो” एवं “ब्रह्म बाबा की जय हो” के जयघोष लगाते हुए भजन-कीर्तन करते रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में हाथी की सवारी, गाजे-बाजे एवं भक्ति संगीत ने धार्मिक वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर आशीष मिश्र, विमल मिश्र, राहुल गुप्ता, रामफेर पांडेय, राजकुमार उपाध्याय, कृष्ण कुमार, टिंकू, धीरज, ऋतिक, आदर्श, उत्कर्ष, राहुल श्रीवास्तव, प्रदीप विश्वकर्मा, राजू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत, धार्मिक अनुष्ठानों एवं आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। गांव में श्रीमद्भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना हुआ है।
