*नाच-गाना बंद कराने के विवाद में ईंट-पत्थर चले, महिला ने तोड़ा दम*
*शादी की खुशिया बदली मातम में, पांच नामजद पर मुकदमा दर्ज, परिजन शव आने का कर रहे इंतजार*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। कस्बे में विवाह माहौल में चल रहे नाच गाना बंद कराने को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। छोटी बहन की शादी की तैयारियों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिगरामऊ निवासी मुन्नीलाल खरवार की 33 वर्षीय पुत्री गुंजन की शादी वर्ष 2011 में बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी कमलेश प्रजापति से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। गुंजन अपने पति के साथ सूरत में रहती थीं और अपनी छोटी बहन की 1 जुलाई को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए मायके आई थीं।
सोमवार को घर में शादी की रस्में चल रही थीं। इस दौरान डीजे बज रहा था और परिजन व रिश्तेदार कार्यक्रम में शामिल थे। इसी बीच डीजे बंद कराने को लेकर पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि मारपीट के दौरान छत से फेंकी गई एक ईंट गुंजन के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर सोनू, मोनू, ऋषि (तीनों पुत्र जगत आसरे), शिवम खरवार तथा जगत आसरे के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
क्षेत्राधिकारी बदलापुर मौके पर मौजूद हैं। थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। सभी नामजद अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
