*सई नदी में बालक की मौत का मामला, गैर इरादतन हत्या का आरोपित गिरफ्तार*
********************
*संवाद माता चरण पांडे*
जौनपुर/सिकरारा थाना पुलिस ने नौ वर्षीय बालक की डूबने से हुई मौत के मामले में नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने उसे रविवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर अजोशी धाम मंदिर के समीप से हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के अनुसार, शनिवार को फत्तूपुर (रुकुनपुर) गांव में यह घटना हुई थी। आरोप है कि गांव निवासी दिनेश वनवासी अपने पड़ोसी कमलेश वनवासी के नौ वर्षीय पुत्र मुकेश को पीठ पर बैठाकर सई नदी में ले गया और बीच धारा में छोड़ दिया। गहरे पानी में चले जाने से बालक की डूबकर मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में उपनिरीक्षक श्रीधर शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को करीब 1:45 बजे अजोशी धाम मंदिर के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
