सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर सड़क हादसे में युवक की मौत, पिता घायल
संवाददाता : माता चरण पांडे
सुजानगंज/जौनपुर। सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर मतरी बाजार के निकट गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव निवासी आशीष पांडेय (25) गुरुवार सुबह अपने पिता केशमणि पांडेय के साथ एक ही बाइक से सुजानगंज गए थे। वापस लौटते समय मतरी बाजार के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आशीष की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि आशीष पांडेय अविवाहित थे और तीन भाई-बहनों में शामिल थे। वह मुंबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे तथा परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है ।
