*प्रतापगढ़: अलग – अलग समुदाय के बालिग युवक-युवती ने हिंदू रीति-रिवाज से किया विवाह,*
*परिजनों के विरोध की आशंका के चलते सुरक्षा और अधिकारों के लिए बनवाया ‘ विवाह नाम’*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। कोतवाली पट्टी क्षेत्र के दाऊदपुर गांव में दो अलग-अलग समुदायों के बालिग युवक-युवती द्वारा आपसी सहमति से विवाह किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने का दावा करते हुए अपने वैवाहिक संबंध के संबंध में नोटरी के समक्ष शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया है। जानकारी के अनुसार दाऊदपुर गांव निवासी सानिया
बानो पुत्री खुर्शीद आलम तथा अमन कुमार पुत्र नन्हेंलाल गौतम एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। दोनों के बीच आपसी सहमति से संबंध विकसित हुए और बालिग होने के कारण उन्होंने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया। शपथ पत्र के अनुसार युवती ने अपनी इच्छा से अमन कुमार के साथ विवाह करने और उन्हें पति के रूप में स्वीकार करने की बात कही है। वहीं युवक ने भी युवती को पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए जीवनभर साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया है। दोनों ने यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने यह निर्णय बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा जबरदस्ती के लिया है। बताया गया है कि भविष्य में पारिवारिक अथवा सामाजिक विरोध की संभावना को देखते हुए दोनों ने
अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के मद्देनजर नोटरी के समक्ष हलफनामा तैयार कराया है। विवाह संबंधी दस्तावेज पर गांव के ही कुछ लोगों ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए हैं।इस संबंध में क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि मामले में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस अवसर पर जिला मंत्री मनीष कुमार रावत, भाजपा नेता विजय सिंह बजरंगी, बजरंग दल जिला संयोजक प्रिंस बरनवाल, शिवकुमार सोनी, कृष्ण पाल, बबलू गौतम, नन्हे गौतम, राजेश पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
