सुल्तानपुर में निर्माणाधीन गोमती सेतु की बीम में दरार, डीएम ने बैठाई जांच 10 दिन में रिपोर्ट तलब

*सुल्तानपुर में निर्माणाधीन गोमती सेतु की बीम में दरार, डीएम ने बैठाई जांच 10 दिन में रिपोर्ट तलब*

*गुणवत्ता में लापरवाही मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई*

अनिल मिश्र

सुल्तानपुर, लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र के सूरापुर-विजेथुआ-गुदरा-कोइरीपुर ग्रामीण मार्ग पर निर्माणाधीन गोमती नदी सेतु (गुदरा घाट पुल) की एक बीम में दरार आने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मीडिया में खबरें प्रसारित होने के बाद जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। परियोजना प्रबंधक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि 196.88 मीटर लंबे पुल में कुल छह स्पान हैं, जिनमें से पांच स्पान में डेक स्लैब का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि स्पान संख्या पी-3 से पी-4 की अपस्ट्रीम बीम में पांच केबलों में से तीसरे केबल की प्री-स्ट्रेसिंग के दौरान जैक फेल हो गया था। जैक फेल होने से बीम पर अतिरिक्त दबाव पड़ गया, जिससे उसमें दरार आ गई। सेतु निगम के अनुसार दरार की मरम्मत जॉइंट फिलर सामग्री की सहायता से की जाएगी तथा पुल की संरचनात्मक मजबूती और गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र थर्ड पार्टी एजेंसी से भी कराई जाएगी।

*एडीएम की अध्यक्षता में गठित हुई जांच समिति*

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है। समिति में सेतु निगम के अधिकारियों के बजाय अन्य विभागों के तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय हो सके।

तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर पुल की गुणवत्ता, निर्माण मानकों और दरार के कारणों का विस्तृत निरीक्षण करेगी। समिति को 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

*गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा जिलाधिकारी*

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में यदि तकनीकी खामी, अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!