*अहंकार भगवान का आहार है : धर्मराज महाराज*
*रामकथा में ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और सीता-राम मिलन प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन*
*************************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। क्षेत्र के महदा गांव में रामजी उपाध्याय के आवास पर आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के दौरान परम पूज्य धर्मराज महाराज ने ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, विश्वामित्र द्वारा भगवान राम एवं लक्ष्मण को वन ले जाने तथा सीता-राम मिलन प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो उठे।
कथाव्यास धर्मराज महाराज ने कहा कि “अहंकार भगवान का आहार है।” उन्होंने बताया कि राजा जनक के दरबार में आयोजित स्वयंवर में अनेक पराक्रमी राजा उपस्थित हुए, लेकिन अपने अहंकार के कारण कोई भी शिवधनुष को उठा नहीं सका। भगवान की कृपा और विनम्रता के बल पर ही भगवान श्रीराम ने धनुष उठाकर उसका भंग किया।
उन्होंने विश्वामित्र और राजा दशरथ के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार महर्षि विश्वामित्र ने राजा दशरथ के पुत्र मोह को दूर कर भगवान राम एवं लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने का आग्रह किया। कथा में ताड़का वध और अहिल्या उद्धार की मार्मिक व्याख्या ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
कथाव्यास ने जनकनंदिनी माता सीता के पुष्प वाटिका आगमन, सखियों के साथ भगवान राम और लक्ष्मण के दर्शन कर उनके प्रति आकर्षित होने तथा गौरी पूजन कर भगवान श्रीराम को पति रूप में प्राप्त करने की कामना का भी सुंदर वर्णन किया। साथ ही महर्षि विश्वामित्र द्वारा राम एवं लक्ष्मण के मनोरथ सिद्ध होने का आशीर्वाद दिए जाने की कथा भी विस्तार से सुनाई।
इस अवसर पर कमला प्रसाद तिवारी ‘बड़े बाबू’, पूर्व प्रधान राम जियावन तिवारी, पूर्व प्रधानाचार्य भानु प्रताप यादव, ‘तीखी आवाज’ के संपादक अरविंद उपाध्याय, दरोगा लाल बहादुर यादव, डॉ. कृष्ण कुमार तिवारी, समाजसेवी वीरेंद्र उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, पत्रकार प्रमोद पांडे, पत्रकार शिवपूजन मिश्रा, युवा समाजसेवी खरपत्तू निषाद, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्याय परिवार की ओर से रामजी उपाध्याय के दोनों पुत्र, मुंबई के उद्योगपति हरिवंश उपाध्याय एवं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रघुवंश उपाध्याय ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
