किसान यूनियन कार्यकर्ताओं की पिटाई से भड़के किसान, चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग

*किसान यूनियन कार्यकर्ताओं की पिटाई से भड़के किसान, चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग*

*कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री आवास कूच की चेतावनी, क्षेत्राधिकार नगर को सौंपा ज्ञापन*

सुल्तानपुर। भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीयतावादी की आकस्मिक बैठक मंगलवार को तिकोनिया पार्क, सुल्तानपुर में जिला अध्यक्ष गौरी शंकर पांडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में देहली बाजार चौकी इंचार्ज एवं पुलिसकर्मियों द्वारा किसान यूनियन कार्यकर्ता रामरती के पुत्रों सुनील कुमार और आशीष कुमार सरोज की कथित रूप से की गई पिटाई के मामले पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।

बैठक में किसानों ने घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और चौकी इंचार्ज देहली बाजार के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा निर्दोष युवकों के साथ मारपीट की गई है, जिससे किसानों एवं आम नागरिकों में रोष व्याप्त है।

काफी देर तक प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी किसानों के बीच पहुंचे और उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा जांच में दोषी पाए जाने पर चौकी इंचार्ज एवं संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके उपरांत किसानों ने अपना मांग पत्र सीओ सिटी को सौंपा।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि पीड़ित किसान कार्यकर्ताओं का शीघ्र मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तथा चौकी प्रभारी देहली बाजार के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीयतावादी मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच करेगी और प्रदेश की पुलिस व्यवस्था की वास्तविक स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराएगी।

किसानों की मांग पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सुल्तानपुर द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पीड़ितों के मेडिकल परीक्षण हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में प्रदेश महासचिव रामकृपाल सिंह, जिला अध्यक्ष गौरी शंकर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष राज नारायण तिवारी, रमेश चंद्र दुबे, अरविंद उपाध्याय, तहसील उपाध्यक्ष करीम खान, अनिल वर्मा, गौरी शंकर मिश्र, सरिता सिंह, कुसुम चौहान, अनीता जायसवाल, पूजा धुरिया सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!