*मछलीशहर में प्रसूता की मौत के बाद निजी अस्पतालों पर उठे सवाल*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। मछलीशहर नगर के मड़ियाहू रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान प्रसूता की हालत बिगड़ने के बाद उसे जौनपुर रेफर किया गया, जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है, जबकि स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रसव के दौरान महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण प्रसूता को आनन-फानन में रेफर किया गया। परिजनों का कहना है कि समय रहते उचित इलाज मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मछलीशहर क्षेत्र में कई निजी अस्पताल बिना पर्याप्त संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के संचालित हो रहे हैं, जिससे आए दिन मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
