*प्रतापगढ़ थाना मानिकपुर क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे युवक की चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ में पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मानिकपुर पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस को ग्राम करेंटी क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी
कि एक फरार अभियुक्त अवैध असलहा के साथ शहजादपुर (जनपद कौशाम्बी) से करेंटी गंगा पुल के रास्ते अपने वकील से मिलने आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने करेंटी तिराहे के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, जिसके बावजूद उसने दोबारा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान जलालुद्दीन उर्फ डब्बू (उम्र करीब 50 वर्ष), पुत्र मोहिउद्दीन, निवासी नई बाजार रहवई,
थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं ।पुलिस के अनुसार, आरोपी जलालुद्दीन के खिलाफ थाना मानिकपुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था, लेकिन वह 21 अप्रैल 2026 को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल से इलाज के दौरान फरार हो गया था। उसकी फरारी के संबंध में कोतवाली नगर, कमिश्नरेट प्रयागराज में भी एक मुकदमा दर्ज है। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी कालाकांकर भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की हालत अब खतरे से बाहर है।
