*प्रतापगढ़ डीएम का छापा, गेहूं खरीद केंद्रों की खुली पोल, तेजी लाने और पारदर्शिता के सख्त निर्देश*
*जिलाधिकारी के निर्देश गेहूं खरीद सरकार की प्राथमिकता लापरवाही बर्दाश्त नहीं*
अनिल मिश्र 
प्रतापगढ़। जनपद में चल रही गेहूं खरीद व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने गुरुवार को कई क्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं खरीद की रफ्तार धीमी मिली तो कहीं व्यवस्था संतोषजनक नजर आई, जिस पर डीएम ने मौके पर ही अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। सबसे पहले परसनी केंद्र पहुंचे डीएम ने खरीद की स्थिति की जानकारी ली। यहां अपेक्षाकृत कम खरीद पाए जाने पर उन्होंने केंद्र प्रभारी को किसानों से संपर्क बढ़ाकर खरीद में तेजी लाने के
निर्देश दिए। साथ ही स्टॉक रजिस्टर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की। एक किसान से फोन पर बात कर खरीद प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति भी जानी। दाउदपुर केंद्र पर निरीक्षण के दौरान डीएम ने गेहूं की गुणवत्ता की जांच की और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी पैदावार व समस्याओं की जानकारी ली। वहीं गौरामाफी केंद्र पर बेहतर खरीद व्यवस्था मिलने पर केंद्र प्रभारी की सराहना भी की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सहकारी समितियों और खाद गोदाम का भी जायजा लिया। खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पुरानी खाद के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामसभा की जमीन के सीमांकन और तालाब के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता में शामिल किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गेहूं खरीद सरकार की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को भुगतान समय से किया जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे ।डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि केंद्रों पर किसानों के लिए बैठने, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
