हत्या के प्रयास व चोरी के आरोपी को छुड़ाने के लिए थाने पर हंगामा, सरकारी काम में बाधा का मुकदमा दर्ज
सिकरारा जौनपुर ।
थाना क्षेत्र में चोरी और हत्या के प्रयास के वांछित आरोपी को पुलिस हिरासत से जबरन छुड़ाने की कोशिश परिजनों को भारी पड़ गई। आरोपित के परिजनों ने थाना परिसर और हाइवे पर हंगामा कर सरकारी काम में बाधा डाली तथा रोड जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपित की मां, बहनों सहित महिलाओं और दो अज्ञात यूट्यूबरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बीते दिनों तेजीबाजार थाना क्षेत्र के गढाबाघराय बाजार में एक व्यक्ति के घर से जेनरेटर चोरी करने और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी रोहित गौतम उर्फ रुद्र (पुत्र राममूरत, निवासी सिकरारा) को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मेडिकल जांच और अन्य विधिक कार्रवाई के लिए सरकारी वाहन में बैठाकर थाने से बाहर निकाला जा रहा था।
जैसे ही वाहन थाने से निकलने लगा, तभी आरोपी की मां लक्ष्मी देवी (पत्नी राममूरत), उसकी दो बहनें खुशबू गौतम और गिरजा देवी (दोनों पुत्री राममूरत) सहित 8 से 10 महिलाएं थाना परिसर में पहुंच गईं। महिलाएं वीडियो बनाते हुए जोर-जोर से हंगामा करने लगीं। वे पुलिस के सरकारी वाहन के सामने खड़ी हो गईं और थाना परिसर के बाहर हाइवे पर रोड जाम करने का प्रयास करने लगीं।
इस दौरान महिलाओं और युवतियों ने महिला कांस्टेबल से बदसलूकी की और उन्हें गाली-गलौज दी। हंगामे से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार बुजुर्गों और बच्चों तक में दहशत फैल गई। पुलिस कर्मी स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हंगामा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। मामले में आरोपी के परिजनों और दो अज्ञात यूट्यूबरों (जो मामले को शह दे रहे थे) को नामजद किया गया है।
दर्ज मुकदमे की धाराएं
भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 191(2), 190, 121(1), 126(1), 352, 351(2)
7 CLA एक्ट (Criminal Law Amendment Act)
मुख्य आरोप:
सरकारी काम में बाधा डालना
थाने के सामने हाइवे पर रोड जाम करना
आने-जाने वालों में अफरा-तफरी मचाना
महिला कांस्टेबल से बदसलूकी और गाली-गलौज करना
आरोपी को सरकारी वाहन से ले जाते समय वाहन के सामने खड़े होकर बाधा पहुंचाना
सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास
पुलिस अब हंगामा करने वाली महिलाओं और अज्ञात यूट्यूबरों की तलाश में जुट गई है। आरोपी रोहित गौतम को पहले से चोरी और हत्या के प्रयास समेत अन्य मुकदमों में वांछित बताया जा रहा है।
