हत्या के आरोपितों से मुठभेड़, दो घायल गिरफ्तार

*हत्या के आरोपितों से मुठभेड़, दो घायल गिरफ्तार*

 

*मोटरसाइकिल, तमंचा, कारतूस, चाकू, बरामद*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*

जौनपुर/जलालपुर गुरुवार को पुलिस की संयुक्त टीम और हत्या के आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। उनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, एक मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को आशीष उर्फ चिघडू चौहान की चाकू से हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने वारदात के बाद शव को करीब एक किलोमीटर दूर बन्दीपुर गांव के पास फेंक दिया था।

 

जांच के दौरान सीसीटीवी व सर्विलांस के आधार पर कई आरोपितों की पहचान हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम ओईना के पास घेराबंदी की, जहां बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।

 

घायल आरोपितों की पहचान शिवशंकर चौहान (26) और धनंजय चौहान उर्फ नन्दू (20) निवासी संघईपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *