*प्रतापगढ़ तहसील सदर में नायब तहसीलदार कोर्ट की दर्जनों फाइल प्रिंटिंग प्रेस में मिलने से मचा हड़कंप* 

*प्रतापगढ़ तहसील सदर में नायब तहसीलदार कोर्ट की दर्जनों फाइल प्रिंटिंग प्रेस में मिलने से मचा हड़कंप* 

 *डीएम शिव सहाय अवस्थी ने पेशकार को किया निलंबित दिए जांच के आदेश*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ की सदर तहसील में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब तहसील के सामने स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस से नायब तहसीलदार कोर्ट की दर्जनों फाइलें बरामद हुईं। इस मामले में जिलाधिकारी (डीएम) शिव सहाय अवस्थी के निर्देश पर नायब तहसीलदार के पेशकार को निलंबित कर दिया गया है और सभी बरामद पत्रावलियों को सीज कर दिया गया है। फाइलों के बाहर मिलने की सूचना पर अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं का आरोप था कि सरकारी न्यायिक फाइलें इस तरह प्रिंटिंग प्रेस में मिलना गंभीर लापरवाही और संभावित गड़बड़ी का संकेत है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन अधिवक्ता तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अधिवक्ता विवेकदत्त पाली और अजय सिंह ने बताया कि उन्होंने एडीएम और सीआरओ सहित अन्य अधिकारियों को फोन कर सूचना दी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद प्रयागराज कमिश्नर से शिकायत की गई, तब जाकर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और फाइलों को कब्जे में लेकर अपने कार्यालय भिजवाया। इसके बाद स्थिति शांत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर नायब तहसीलदार के पेशकार को निलंबित किया गया और बरामद सभी पत्रावलियों को सीज कर दिया गया। डीएम ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) को नामित किया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। यह मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *