दलित बस्ती में भीषण आग, पांच घरों की गृहस्थी जलकर खाक

*दलित बस्ती में भीषण आग, पांच घरों की गृहस्थी जलकर खाक*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ (जौनपुर)। बदलापुर क्षेत्र के बछुआर गांव की दलित बस्ती में शुक्रवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब पांच घरों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार आग अचानक लगी और तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने कई झोपड़ीनुमा घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पानी तथा अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास करने लगे।

 

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, मोटरसाइकिल, साइकिल, चारा मशीन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

 

इस अग्निकांड में दीनानाथ हरिजन, शंकर हरिजन, घनश्याम हरिजन, संतोष हरिजन और रामआसरे हरिजन के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रोजमर्रा की आवश्यकताओं का संकट खड़ा हो गया है।

 

घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *