विधायक बदलापुर ने जनआरोग्य मेले का किया उद्घाटन

*विधायक बदलापुर ने जनआरोग्य मेले का किया उद्घाटन,*

*व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

*मशीनों की गुणवत्ता जानने के लिए नपवाई बीपी*

********************

*संवाद: शिवपूजनमिश्रा*

बदलापुर/सिगरामऊ (जौनपुर)। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिगरामऊ में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले का उद्घाटन विधायक रमेश मिश्राने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने ओपीडी कक्ष, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में आए मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी बीमारी एवं चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाइयों की जानकारी ली। मरीजों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि सभी आवश्यक दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध कराई गईं और बाहर से कोई दवा नहीं लिखी गई। यह सुनकर विधायक ने प्रसन्नता जताई और स्वास्थ्य विभाग की सराहना की।

 

बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ संजय दुबे के नेतृत्व तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिगरामऊ के प्रभारी डॉक्टर अभिषेक प्रजापतिकी देखरेख में सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। रविवार को दोपहर एक बजे तक कुल 72 मरीजों की ओपीडी की गई।

 

कार्यक्रम में पहुंचे विधायक का अस्पताल स्टाफ एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखने के लिए विधायक ने अस्पताल में लगी मशीन से स्वयं अपना रक्तचाप (बीपी) भी मापवाया।

 

शिविर के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय दुबे स्वयं उपस्थित रहे। वहीं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. मनीष मौर्य एवं एएनएम मीरा यादव द्वारा कुल 11 मरीजों की ओपीडी की गई।

 

कार्यक्रम में अस्पताल स्टाफ, पार्टी कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में मरीज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *