गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर निकाली गई भव्य प्रभात फेरी, देशभक्ति के रंग में रंगा बैतीकला ग्राम
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पी.पी. कमैचा क्षेत्र के बैतीकला ग्राम में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रेरणादायक प्रभात फेरी भगवानदीन पब्लिक स्कूल, बैतीकला के तत्वावधान में निकाली गई, जिसमें विद्यालय के शिक्षकों की प्रेरणा, समर्पण और आत्मविश्वास की ज्योति के साथ नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की।
प्रभात फेरी की शुरुआत प्रातः काल विद्यालय परिसर से हुई, जिसमें बच्चों ने हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति नारों के साथ पूरे गांव में भ्रमण किया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद जैसे नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम से गूंज उठा। विशेष आकर्षण का केंद्र वे बच्चे रहे, जिन्होंने भारतीय सेना के गणवेश में अनुशासित मार्च करते हुए भारत के गौरव, शौर्य और बलिदान का जीवंत प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बच्चों के इस अनुकरणीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
प्रभात फेरी के पश्चात विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, कविता पाठ और लघु नाटिकाओं के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संविधान के महत्व को दर्शाया। मां भारती के नन्हे सपूतों ने कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे उपस्थित अभिभावक और क्षेत्रवासी भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक के.एस. पाल जी ने सभी बच्चों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिन हमें हमारे संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाकर देश के जिम्मेदार नागरिक बनें।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस प्रकार भगवानदीन पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित यह प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप अत्यंत सफल और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
जिला संवाददाता शुभम् कौशल
