*प्रतापगढ में लिपिक न लेता घूस की रकम तो फंसता ढकवा नगर पंचायत का जेई*
*भ्रष्टाचार के इस खेल में क्या जे ई की भी है संलिप्तता*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ नगर पालिका कार्यालय के टाइपिस्ट कक्ष से शुक्रवार दोपहर घूस लेते पकड़े गए निलंबित प्रशांत सिंह ने नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अभिनव यादव की धरोहर थामी थी। ढकवा में 98 लाख के सीसी रोड इंटरलॉकिंग का कार्य लेने वाली फर्म को जीएसटी काटने के बाद शेष धनराशि का एक प्रतिशत 87,500 रुपये ईओ को कमीशन देना था। नगर पंचायत ढकवा में सीसी रोड और इंटरलॉकिंग के काम का टेंडर मेसर्स कैलाश गंगापुरम प्रयागराज फर्म को मिला है। फर्म संचालक भदोही के ऊंज रोही निवासी प्रवीण रामपाल ने प्रयागराज एंटी करप्शन में शिकायत की। आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू करने के लिए अधिशासी अधिकारी अभिनव यादव उससे एक प्रतिशत खर्च मांग रहे हैं। न देने पर कार्य शुरू करने में विलंब दिखाकर टेंडर निरस्त कराने की धमकी दे रहे हैं। उनसे यह भी कहा गया कि कमीशन की रकम नगर पंचायत ढकवा के जेई या फिर जिला मुख्यालय की नगर पालिका में लिपिक प्रशांत सिंह को दे दें। इसके बाद कार्य शुरू करने के लिए टीएस जारी हो जाएगा। शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और प्रवीण को भुपियामऊ बुलाया। वहां से शहर के अंबेडकर चौराहा आने के बाद प्रशांत सिंह को फोन किया तो उसने नगर पालिका के टाइपिस्ट कक्ष में बुलाकर रुपये ले लिया। बाहर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
