*प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ सघन अभियान*
*सिगरामऊ पुलिस ने दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार*
*********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ/जौनपुर।
जिलाधिकारी जौनपुर के निर्देश पर जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सिगरामऊ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतजर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाकर चाइनीज मांझे की बिक्री में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अर्जुन मोदनवाल पुत्र जोखनलाल, निवासी सिगरामऊ बाजार, थाना सिगरामऊ के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 170/25 अंतर्गत धारा 233 बी, 293, 125 बी बीएनएस एवं 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं दूसरे अभियुक्त मुख्तार अहमद पुत्र मोहम्मद यूनुस, निवासी सिगरामऊ बाजार, थाना सिगरामऊ के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 171/25 दर्ज कर उपरोक्त धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।
दोनों अभियुक्तों को थाना सिगरामऊ में निरुद्ध कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतजर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाइनीज मांझे की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है और जो भी व्यक्ति इसकी बिक्री या भंडारण में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में जनपद में चाइनीज मांझे से गंभीर दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आई हैं, जिसको लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सख्त है। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री या उपयोग से बचें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
